
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- जनपद में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत टिहरी पुलिस को एक और सफलता मिली है। थाना छाम पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान 20 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 19 जुलाई को थाना छाम पुलिस ने घियाकोटी तिराहा के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 20 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी मुकेश कुमार (48 वर्ष) पुत्र दरामी लाल, निवासी ग्राम कांसी पट्टी बिष्ट, थाना धरासू, जनपद उत्तरकाशी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना छाम में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।






