कांवड़ मेला 2026: डीएम नितिका खण्डेलवाल ने तैयारियों की समीक्षा की, सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था पर दिए निर्देश

नई टिहरी। आगामी 30 जुलाई से 10 अगस्त तक आयोजित होने वाले कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ क्षेत्र से जुड़े सभी विभागों को समयबद्ध ढंग से व्यवस्थाएं पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि हर वर्ष कांवड़ मेले में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है, इसलिए सभी विभाग अपनी तैयारियां समय रहते पूरी करें। उन्होंने चन्द्रभागा और खारास्रोत पार्किंग स्थलों पर पेयजल, विद्युत, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी पार्किंग स्थलों पर रेट लिस्ट स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने तथा पार्किंग पर्ची पर स्थल का नाम और संपर्क नंबर अनिवार्य रूप से अंकित करने के निर्देश भी दिए।
डीएम ने मुनिकीरेती-तपोवन क्षेत्र में पार्किंग के दबाव को कम करने के लिए देहरादून पुलिस के साथ समन्वय कर आईडीपीएल सहित वैकल्पिक पार्किंग स्थलों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी और सफाई व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में राम झूला बंद किए जाने की जानकारी पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी को दोनों जनपदों के व्यापार मंडलों के साथ समन्वय बैठक आयोजित कर आवश्यक निर्णय लेने को कहा। साथ ही जानकी सेतु एवं बजरंग सेतु को वन-वे संचालन के अनुरूप तैयार करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने विद्युत विभाग, नगर पालिका मुनिकीरेती और नगर पंचायत तपोवन को सभी बिजली के पोल, स्ट्रीट लाइट, ट्रांसफार्मर और टावरों की सुरक्षा जांच एवं बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को घाटों पर सुरक्षा चेन लगाने तथा वन विभाग को मार्ग में बाधा बनने वाले पेड़ों की लॉपिंग-चॉपिंग समय पर पूरी करने को कहा गया। इसके अलावा नीर वाटर फॉल को मेला अवधि में बंद रखने के निर्देश भी दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग और जिला पूर्ति अधिकारी को होटल, ढाबों और रेस्टोरेंटों का नियमित निरीक्षण कर रेट लिस्ट प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए गए। नगर निकायों को रात्रिकालीन विशेष सफाई अभियान चलाने तथा अग्निशमन विभाग को सभी उपकरणों को पूरी तरह क्रियाशील रखने को कहा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल, लगातार गश्त, सीसीटीवी और ड्रोन निगरानी, भीड़ प्रबंधन तथा यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने सभी पार्किंग स्थलों, घाटों और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं स्वयंसेवकों की तैनाती तथा आपातकालीन परिस्थितियों के लिए क्यूआरटी (Quick Response Team) को सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कांवड़ मेले की अवधि के दौरान पुलिस कंट्रोल रूम में विद्युत, पूर्ति, नगर पालिका, नगर पंचायत, सिंचाई और लोक निर्माण विभाग सहित सभी संबंधित विभागों का एक-एक कर्मचारी तैनात रहेगा, ताकि किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, उप जिलाधिकारी कमलेश मेहता, उप जिलाधिकारी आशीष चन्द्र घिल्डियाल, सीओ सुरेन्द्र सिंह भण्डारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






