utrakhandउत्तरकाशीपिथौरागढ़

पिथौरागढ़ के झूलाघाट में तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर संपन्न, अंतिम दिन 425 मरीजों ने उठाया लाभ

जन एक्सेप्रेस /पिथौरागढ़ :- मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे. एस. चुफाल के निर्देशन में स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, झूलाघाट में 19 से 21 जुलाई तक आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का मंगलवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर में पहुंचकर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श, जांच और उपचार का लाभ उठाया।

शिविर में सामान्य ओपीडी के साथ-साथ आयुष्मान भारत, एबीएचए (ABHA), एनसीडी स्क्रीनिंग, टीबी उन्मूलन कार्यक्रम, टीकाकरण, आयुष सेवाएं तथा अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के तहत विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

अंतिम दिवस पर कुल 425 मरीजों का उपचार किया गया, जिनमें 196 पुरुष और 229 महिलाएं शामिल रहीं। विशेषज्ञ सेवाओं के अंतर्गत फिजिशियन विभाग में 64, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में 67, आयुष ओपीडी में 26, काउंसलिंग में 104, नेत्र रोग विभाग में 32, बाल रोग विभाग में 10, दंत चिकित्सा विभाग में 25, ईएनटी विभाग में 16 तथा सर्जरी विभाग में 12 मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श प्रदान किया गया।

एनसीडी स्क्रीनिंग के तहत 86 लोगों की जांच की गई, जिसमें तीन संभावित उच्च रक्तचाप और दो संभावित मधुमेह के मरीजों की पहचान हुई। वहीं टीबी स्क्रीनिंग के दौरान 46 लोगों की जांच की गई तथा दो निक्षय मित्र लाभार्थियों को कार्यक्रम से जोड़ा गया।

शिविर में 32 रक्त जांच, 40 एक्स-रे और 9 ईसीजी किए गए। इसके अलावा 17 एबीएचए आईडी तथा 12 आयुष्मान भारत कार्ड भी बनाए गए। गर्भवती महिलाओं और बच्चों के टीकाकरण के साथ-साथ एसटीआई/आरटीआई परामर्श सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

शिविर के सफल आयोजन में विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल स्टाफ, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की टीम तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बड़ालू के चिकित्सा अधीक्षक ने जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और क्षेत्र की जनता के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button