
जन एक्सप्रेस /विकासनगर :- शहर कांग्रेस कमेटी और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी विकासनगर के नेतृत्व में ऐतिहासिक तिलक भवन में छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ कथित अभद्र व्यवहार के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और छात्रों एवं युवाओं के मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
धरने को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री नव प्रभात ने कहा कि देश संविधान से चलता है और सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष के साथ किया गया व्यवहार निंदनीय है। उन्होंने कहा कि सरकार ने रोजगार के वादे किए, लेकिन वर्षों बाद भी युवाओं की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय किशोर ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों और युवाओं के हितों की अनदेखी कर रही है। वहीं पीसीसी सदस्य संजय जैन ने कहा कि सरकार को प्रदर्शन कर रहे युवाओं से संवाद करना चाहिए था और उनकी मांगों पर विचार करना चाहिए था।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विकास शर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों, युवाओं, छात्रों और खिलाड़ियों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक विरोध को बल प्रयोग से नहीं दबाया जा सकता।
धरने को इमरान खान, बीना चौहान, शशि चौहान, कुसुम कौशल, शमी प्रकाश, सुभाष चंदेल, अभिनव ठाकुर, आशीष पुंडीर और फुरकान अहमद सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष धीरज नौटियाल, डीके बनर्जी, संदीप भटनागर, भारत कलरा, सोनिया वर्मा, अशोक जगदा, राजीव शर्मा, धीरेंद्र थंडियाल, मुनीर अहमद, जमशेद, अनुपम कपिल, संयम जैन, क्षितिज वर्मा, तनवीर आलम, सुनीता बिष्ट, राजमोहन बिष्ट, भूपेंद्र डोगरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।






