utrakhand

जन्मदिन पर पौधारोपण कर राहुल चौहान ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जन एक्सप्रेस /कर्णप्रयाग  :-पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में मैती संस्था के समन्वयक राहुल चौहान ने अपने जन्मदिवस को प्रकृति के नाम समर्पित करते हुए अपने पैतृक गांव माथर स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर प्रांगण में पौधारोपण किया। उन्होंने ‘जन्म दिवस डाली’ अभियान के तहत पौधा लगाकर लोगों से जन्मदिन और अन्य शुभ अवसरों पर भी पौधारोपण करने तथा पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

हरेला पखवाड़े के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को हरित अभियान से जोड़ना रहा। राहुल चौहान ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि मैती संस्था लंबे समय से उत्तराखंड में पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय है। संस्था द्वारा चांदपुर क्षेत्र के दूरस्थ एवं निर्जन इलाकों में लगातार वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही राहुल चौहान शिक्षा के क्षेत्र में मास्टर ट्रेनर के रूप में भी समाज में योगदान दे रहे हैं।

राहुल चौहान ने बताया कि आगामी श्री नंदा देवी राजजात यात्रा मार्ग पर भी व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाने की योजना है, जिससे यात्रा मार्ग को हराभरा और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सके।

शिक्षा, पर्यावरण एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राहुल चौहान को विभिन्न मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है। उनकी ‘जन्म दिवस डाली’ मुहिम को जनप्रतिनिधियों, पर्यावरणविदों और ग्रामीणों ने सराहते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।

इस अवसर पर श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर के पुजारी रमेश चंद्र भट्ट, रिशु रावत सहित अन्य ग्रामीण एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button