उत्तरकाशीउत्तराखंड

ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान: धौंतरी चौकी पहुंचे SP कमलेश उपाध्याय

जन एक्सप्रेस / उत्तरकाशी: उत्तराखंड सरकार के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए उत्तरकाशी पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्रों में अपनी सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने उत्तरकाशी-टिहरी सीमा पर स्थित धौंतरी पुलिस चौकी का औचक निरीक्षण कर नशा तस्करों को सख्त संदेश दिया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि जनपद में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

धौंतरी क्षेत्र को लंबे समय से नशे के लिहाज से संवेदनशील माना जाता रहा है। ऐसे में पुलिस अधीक्षक का यह दौरा केवल औपचारिक निरीक्षण नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और नशा तस्करों पर शिकंजा कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान एसपी कमलेश उपाध्याय ने चौकी के अभिलेखों, संसाधनों, पुलिसकर्मियों की ड्यूटी व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने पुलिस कर्मियों की समस्याएं भी सुनीं और सीमावर्ती क्षेत्रों में पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

इसके बाद आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में एसपी ने स्थानीय ग्रामीणों से सीधे संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं और कानून-व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य को बर्बाद करता है। इसलिए ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान को सफल बनाने के लिए पुलिस और जनता की संयुक्त भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से युवाओं को खेल, शिक्षा और रोजगार की ओर प्रेरित करने की अपील भी की।

एसपी ने बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर भी लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान कॉल पर अपनी बैंक संबंधी जानकारी या ओटीपी साझा न करें। सोशल मीडिया या व्हाट्सएप पर आने वाले संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और अधिक लाभ या दोगुना पैसा देने वाले निवेश के झांसे में न आएं। यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी होती है तो तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं या नजदीकी पुलिस से संपर्क करें।

महिला सुरक्षा को लेकर भी पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश दिया कि उत्तरकाशी पुलिस महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें, हर शिकायत पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

एसपी कमलेश उपाध्याय ने कहा कि सीमावर्ती पुलिस चौकियां अपराध नियंत्रण की पहली सुरक्षा दीवार होती हैं। यहां तैनात प्रत्येक पुलिसकर्मी को सतर्कता, संवेदनशीलता और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी ताकि आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी (CO) जनक सिंह पंवार, एसएसआई दिलमोहन विष्ट, धौंतरी गांव के वरिष्ठ ग्रामीण प्रतिनिधि मोहनलाल बहुगुणा, आत्माराम बहुगुणा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button