utrakhandउत्तरकाशीटिहरीनई टिहरी

नई टिहरी में गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग गौभक्तों ने राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन

जन एक्सप्रेस / नई टिहरी :- नई टिहरी में गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने की मांग को लेकर गौभक्तों और सनातन संस्कृति में आस्था रखने वाले नागरिकों ने जन-जागरण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के बाद प्रतिभागियों ने कलेक्ट्रेट तक रैली निकालकर जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया।

अभियान में विभिन्न क्षेत्रों से आए गौभक्तों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान अभियान के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। हस्ताक्षरित प्रपत्र भी जिला प्रशासन को सौंपे गए।

अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि इसका उद्देश्य गौमाता के संरक्षण, संवर्धन और भारतीय संस्कृति में उनके गौरवपूर्ण स्थान के अनुरूप उन्हें राष्ट्रमाता घोषित किए जाने की जनभावना को शासन और सरकार तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि गौमाता भारतीय सनातन संस्कृति, ग्राम्य अर्थव्यवस्था, कृषि, पर्यावरण और लोकजीवन का महत्वपूर्ण आधार रही हैं। उन्होंने मांग की कि देशभर की जनभावनाओं का सम्मान करते हुए गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की दिशा में सकारात्मक पहल की जाए।

अभियान के कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि गौ संरक्षण, गौ संवर्धन और गौ सम्मान के लिए शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संवैधानिक माध्यमों से जन-जागरण अभियान को आगे भी जारी रखा जाएगा तथा अधिक से अधिक नागरिकों को इससे जोड़ा जाएगा।

इस अवसर पर अनुसूया प्रसाद उनियाल, विवेक सकलानी, श्रीमती विनीता उनियाल (ग्राम प्रधान, उनियाल गांव), श्रीमती रश्मि सकलानी (ग्राम प्रधान, हवेली), शिव प्रसाद उनियाल, श्रीमती सीता मनवाल (जिला पंचायत सदस्य, भुत्सी), सरोप सिंह (ग्राम प्रधान, मरोड़ा), दिनेश रावत, श्रीमती मनोरमा गोसाईं, श्रीमती पुष्पा धनाई, श्रीमती रागिनी भट्ट और श्रीमती सरोजनी चमोली सहित अनेक गौभक्त, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button