utrakhandटिहरी

टिहरी मेडिकल कॉलेज पर कांग्रेस का भाजपा पर हमला, एनएमसी स्वीकृति और भूमि दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- प्रस्तावित टिहरी मेडिकल कॉलेज को लेकर उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर मेडिकल कॉलेज के नाम पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) की स्वीकृति, भूमि अधिग्रहण और परियोजना से जुड़े सभी आधिकारिक दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की है।

सोमवार को नई टिहरी के हनुमान चौक स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट ने कहा कि भाजपा सरकार वर्षों से मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति और भूमि चयन के दावे कर रही है, लेकिन सूचना का अधिकार (RTI) के तहत प्राप्त दस्तावेज इन दावों की पुष्टि नहीं करते।

उन्होंने कहा कि यदि मेडिकल कॉलेज को वास्तव में मंजूरी मिल चुकी है, तो सरकार राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) की स्वीकृति, भूमि अधिग्रहण और अन्य सभी संबंधित दस्तावेज सार्वजनिक करे।

कांग्रेस ने मेडिकल कॉलेज के संभावित स्थान को लेकर भी सरकार को घेरा। शांति प्रसाद भट्ट ने कहा कि एक ओर टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय लंबे समय से नई टिहरी के भागीरथीपुरम स्थित इणियां क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज बनने की बात करते रहे हैं, जबकि दूसरी ओर स्वास्थ्य मंत्री एवं नरेंद्रनगर विधायक सुबोध उनियाल गजा तहसील के फिपल्टी में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की बात कह रहे हैं। इससे क्षेत्र में भ्रम की स्थिति बनी हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जिला मुख्यालय के निकट प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों में असंतोष है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि टिहरी मेडिकल कॉलेज की परिकल्पना सबसे पहले 16 फरवरी 2012 को नई टिहरी में आयोजित एक जनसभा में तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने की थी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से राज्य और केंद्र दोनों जगह भाजपा की डबल इंजन सरकार होने के बावजूद अब तक मेडिकल कॉलेज को अंतिम स्वीकृति नहीं मिल सकी है।

कांग्रेस नेताओं ने सरकार से मांग की कि यदि मेडिकल कॉलेज से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं, तो संबंधित अभिलेख सार्वजनिक किए जाएं ताकि जनता के सामने वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। उनका आरोप है कि भाजपा सरकार इस मुद्दे पर केवल राजनीतिक लाभ लेने के लिए जनता को भ्रमित कर रही है।

प्रेसवार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल, जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष जयवीर रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश राणा, नरेंद्र चंद रमोला, पूर्व प्रमुख विजय गुनसोला, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, नई टिहरी शहर अध्यक्ष कुलदीप पंवार, चंबा शहर अध्यक्ष शक्ति जोशी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा रावत, दर्शनी रावत, सोबन सिंह नेगी, महावीर उनियाल सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button