utrakhandटिहरीनई टिहरी

नई टिहरी में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई मोटर मार्ग बाधित, प्रशासन ने शुरू कराया यातायात

नई टिहरी। जनपद टिहरी गढ़वाल में विगत रात्रि से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। कई प्रमुख और ग्रामीण मोटर मार्गों पर मलबा व भूस्खलन आने से आवागमन बाधित हो गया, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें लगातार मार्गों को खोलने में जुटी रहीं।

बारिश के चलते प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सटेंगल मोटर मार्ग तथा घुत्तू-गंगी मोटर मार्ग बाधित रहे। वहीं नई टिहरी-श्रीनगर मोटर मार्ग भी कुछ समय के लिए अवरुद्ध हुआ, जिसे प्रशासन की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यातायात के लिए पुनः खोल दिया।

इसके अलावा कई ग्रामीण और राज्य मार्ग भी समय-समय पर बंद होते रहे। इनमें गुल्लर-भगवासेरा ग्रामीण मार्ग, गुल्लर-नाई-माथियाली राज्य मार्ग, नरेंद्रनगर-रानीपोखरी राज्य मार्ग, देवप्रयाग-गाजा-जाजल राज्य मार्ग, लालपुल-भूतसी ग्रामीण मार्ग, रानीचौरी-नकोट ग्रामीण मार्ग तथा दिवाड़ा-बांगोली-राजराजेश्वरी मंदिर ग्रामीण मोटर मार्ग शामिल हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार, जहां-जहां मार्ग अवरुद्ध हुए, वहां तत्काल मशीनें भेजकर सड़कें खोलने का कार्य किया गया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक कुछ मोटर मार्गों पर यातायात अब भी पूरी तरह बहाल नहीं हो सका था।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा यात्रा पर निकलने से पहले संबंधित विभाग द्वारा जारी सड़क और मौसम संबंधी अपडेट अवश्य प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button