utrakhandउत्तरकाशीपुरोला

उत्तरकाशी जंगली मशरूम खाने से महिला की मौत, पति वेंटिलेटर पर; बरसात में सावधानी बरतने की अपील

जन एक्सप्रेस /पुरोला :- उत्तरकाशी जनपद के पुरोला नगर क्षेत्र में जंगली मशरूम खाने से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जंगल से लाए गए मशरूम की सब्जी खाने के बाद नेपाली मूल के दंपती की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उपचार के दौरान 32 वर्षीय बबली की मौत हो गई, जबकि उनके पति तिलक बहादुर की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका देहरादून के अस्पताल में वेंटिलेटर पर उपचार चल रहा है।

भोजन के कुछ देर बाद बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार, पुरोला बाजार में दिहाड़ी मजदूरी कर जीवनयापन करने वाले तिलक बहादुर और उनकी पत्नी बबली जंगल से जंगली मशरूम लेकर आए थे। दोनों ने उसकी सब्जी बनाकर रात का भोजन किया। भोजन करने के कुछ ही समय बाद दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई।

पड़ोसियों ने गंभीर हालत देखकर दोनों को तत्काल उपजिला चिकित्सालय पुरोला पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए दोनों को हायर सेंटर देहरादून रेफर कर दिया।

इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम

देहरादून में उपचार के दौरान बबली (32 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि उनके पति तिलक बहादुर की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह दंपती लंबे समय से पुरोला बाजार में दिहाड़ी मजदूरी और घरेलू कार्य कर अपना जीवनयापन कर रहा था। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

बरसात में जंगली मशरूम से रहें सावधान

नगर पालिका अध्यक्ष विहारी लाल शाह ने लोगों से बरसात के मौसम में जंगलों में उगने वाले जंगली मशरूम का सेवन न करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु में लाल, बैंगनी, हरे समेत कई प्रकार के जंगली मशरूम उगते हैं, जिनमें अनेक अत्यंत विषैले होते हैं। इनके सेवन से गंभीर विषाक्तता, अंगों को नुकसान और जान का खतरा तक हो सकता है।

विशेष सलाह

विशेषज्ञों के अनुसार, किसी भी जंगली मशरूम की पहचान केवल उसके रंग या आकार से सुरक्षित रूप से नहीं की जा सकती। इसलिए जंगल से लाए गए अज्ञात मशरूम का सेवन करने से बचें और विषाक्तता के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत निकटतम अस्पताल पहुंचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button