
जन एक्सप्रेस/नई टिहरी :- टिहरी मेडिकल कॉलेज को नई टिहरी में स्थापित करने की मांग को लेकर टिहरी मेडिकल कॉलेज संयुक्त संघर्ष समिति ने 31 जुलाई को जिला मुख्यालय में विशाल जनाक्रोश रैली निकालने का ऐलान किया है। समिति ने जनपदवासियों से बड़ी संख्या में शामिल होकर आंदोलन को समर्थन देने की अपील की है।
श्रीदेव सुमन पार्क में आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल और नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि नई टिहरी मेडिकल कॉलेज के लिए सबसे उपयुक्त स्थान है और इस मांग को जिले के 44 से अधिक जन संगठनों का समर्थन प्राप्त है।
उन्होंने बताया कि 31 जुलाई को शहरभर में जनाक्रोश रैली निकाली जाएगी। यदि इसके बाद भी सरकार मेडिकल कॉलेज के संबंध में शासनादेश (जीओ) जारी नहीं करती है, तो 16 अगस्त से बेमियादी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
समिति का कहना है कि इणियां क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज के लिए प्रशासन पहले ही भूमि की व्यवस्था कर चुका है और कार्यदायी संस्था द्वारा डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) भी तैयार की जा चुकी है। ऐसे में मेडिकल कॉलेज को फिपल्टी में स्थापित करने का कोई औचित्य नहीं है।
संघर्ष समिति ने नई टिहरी जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं को भी सुदृढ़ करने की मांग उठाई। वक्ताओं ने कहा कि विस्थापित शहर नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज बनने से स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ व्यापार, शिक्षा और स्थानीय विकास को भी गति मिलेगी।
व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवान सिंह रावत, शिवराज सजवाण, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष गंगाभगत सिंह नेगी सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि सरकार को क्षेत्रीय विवाद पैदा करने के बजाय जनभावनाओं का सम्मान करना चाहिए और नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना सुनिश्चित करनी चाहिए।
पत्रकार वार्ता में डॉ. यू.एस. नेगी, देवेंद्र नौडियाल, सभासद नवीन सेमवाल, राहुल बुटोला, मनोज चमोली, संदीप रावत और गंभीर सिंह रतूड़ी सहित कई लोग उपस्थित रहे।
संवाददाता: चंद्रप्रकाश बहुगुणा






