utrakhandउत्तरकाशी

गुरु पूर्णिमा पर टिहरी गायत्री शक्तिपीठ में जिलाधिकारी ऋतिका खंडेलवाल ने परिवार सहित किया यज्ञ, नशामुक्त समाज का लिया संकल्प

जन एक्सप्रेस/ नई टिहरी :- गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गायत्री शक्तिपीठ, नई टिहरी में श्रद्धा, भक्ति और संस्कारों से ओतप्रोत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी ऋतिका खंडेलवाल अपने परिवार एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शामिल हुईं। उनके आगमन से गायत्री परिवार के सदस्यों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, वैदिक मंत्रोच्चार, सामूहिक गायत्री यज्ञ, हवन एवं गुरु दीक्षा संस्कार के साथ हुआ। यज्ञ के माध्यम से जनपद की सुख-समृद्धि, शांति, सद्भाव और विश्व कल्याण की कामना की गई।

युगऋषि के समाज निर्माण मिशन की सराहना

अपने संबोधन में जिलाधिकारी ऋतिका खंडेलवाल ने युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के समाज परिवर्तन एवं मानव निर्माण के मिशन की सराहना करते हुए उन्हें युगपुरुष बताया। उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार संस्कार, सेवा और राष्ट्र निर्माण का प्रेरक अभियान चला रहा है, जिससे समाज के प्रत्येक वर्ग को जुड़ना चाहिए।

उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए गायत्री परिवार के रचनात्मक एवं सामाजिक कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

‘शराब नहीं, संस्कार दो’ का दिया संदेश

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि गुरुदेव का संदेश—“हम सुधरेंगे, युग सुधरेगा; हम बनेंगे, युग बनेगा”—आज भी समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि संस्कारवान परिवार और जागरूक युवा ही आदर्श समाज की नींव हैं।

इस अवसर पर “शराब नहीं, संस्कार दो” के प्रेरक नारे के साथ जनपद को नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। युवाओं और छात्र-छात्राओं से नशे से दूर रहकर आध्यात्मिकता, नैतिकता और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलने का आह्वान भी किया गया।

मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की ओर से गायत्री परिवार को भेंट एवं चढ़ावा प्राप्त हुआ, जिसके लिए गायत्री परिवार के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के व्यवस्थापक बी.पी. बधानी तथा नशामुक्त जनपद अभियान के मुख्य प्रबंधक एवं राज्य आंदोलनकारी देवी सिंह पंवार ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, ‘बीज बचाओ आंदोलन’ के प्रणेता विजय जड़धारी, सुशील बहुगुणा, रेखा सजवाण, सुशीला पंवार, रामदेव कलूड़ू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

यज्ञ अनुष्ठान में वी.एन. जोशी, रेखा पंवार, रीना सेमवाल, लता ठुकराल, हर्षमती जखमोला नियरे, सरिता चौहान सहित बड़ी संख्या में गायत्री परिजनों एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

गुरु पूर्णिमा का यह आयोजन श्रद्धा, संस्कार, समाज निर्माण और नशामुक्त भारत के संकल्प के प्रेरक संदेश के साथ संपन्न हुआ।

संवाददाता: चंद्रप्रकाश बहुगुणा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button