
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- प्रतापनगर ब्लॉक के देवल गांव निवासी मृतक केतन लाल के परिजन और ग्रामीण गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और बेमियादी धरने पर बैठ गए। परिजनों ने हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी समेत कई मांगों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
धरने पर बैठे मृतक के पिता धनपाल लाल, मां रुकमा देवी सहित अन्य परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि केतन लाल की पिटाई में मुख्य आरोपी की पत्नी समेत कई अन्य लोग भी शामिल थे। परिजनों का दावा है कि सोशल मीडिया पर कुछ लोगों की ओर से मारपीट में शामिल होने की बात स्वीकार करने संबंधी सामग्री भी सामने आई है। उनका आरोप है कि घटना के करीब डेढ़ माह बाद भी इन लोगों के खिलाफ गिरफ्तारी की कार्रवाई नहीं की गई है।
परिजनों ने हत्याकांड की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और प्रतिदिन सुनवाई की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने मामले में गिरफ्तार किए गए कथित चश्मदीद गवाह दिवाकर डिमरी को जल्द रिहा करने की मांग भी उठाई।
ज्ञापन में परिजनों ने घटना की जांच से जुड़ी विधि विज्ञान प्रयोगशाला की वैज्ञानिक रिपोर्ट जल्द सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना में शामिल सह आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है और पुलिस भीड़ के दबाव में काम कर रही है।
परिजनों ने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग करते हुए कहा कि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी।
धरने के दौरान पुजार गांव के प्रधान दिनेश जोशी, कफल्डी के प्रधान विनोद व्यास, हर्षमणि सेमवाल, रणवीर नौटियाल, विकास नौटियाल, मुकेश नौटियाल, सुराज लाल, सत्या प्रसाद, मोहन लाल, महावीर डिमरी, शांति डिमरी, मनोज, रामचंद्र, मायाराम, विशाल डिमरी, राजेंद्र, आयुष, बिजेंद्रा देवी, बबली, कविता समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
पुलिस ने क्या कहा?
वहीं, सीओ और मामले के जांच अधिकारी चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि घटना की जांच अभी जारी है। उनके अनुसार अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मामले में अब परिजनों की मांगों और पुलिस जांच की प्रगति पर सभी की नजर बनी हुई है।






