
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- एग्रीस्टैक योजना के अंतर्गत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति में तेजी लाने को लेकर अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने वर्चुअल बैठक की। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में अधिक से अधिक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य स्तर पर आयोजित समीक्षा बैठक में जनपद की प्रगति को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। इसी क्रम में सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने कार्यों में तेजी लाने और अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने की आवश्यकता है।
गांव-गांव चलाया जाएगा अभियान
अपर जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाकर अधिक से अधिक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराई जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में सहकारी समितियों और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित बैंकों का सक्रिय सहयोग लिया जाए।
उन्होंने कृषि, उद्यान, मत्स्य, सहकारिता और राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्धारित विभागीय रोस्टर के अनुसार गांव-गांव जाकर किसानों से संपर्क करने और उन्हें फार्मर रजिस्ट्री के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
किसानों को एग्रीस्टैक के लाभों की जानकारी देने के निर्देश
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों को एग्रीस्टैक योजना के लाभों के बारे में जानकारी देना भी जरूरी है, ताकि वे फार्मर रजिस्ट्री के महत्व को समझ सकें और समय पर अपना पंजीकरण करा सकें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों से अभियान की नियमित समीक्षा करने और प्रगति में आ रही समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में वर्चुअल माध्यम से सभी एसडीएम, तहसीलदार, राजस्व कर्मी तथा कृषि, उद्यान सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी जुड़े रहे।






