
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को टिहरी विधानसभा क्षेत्र के इणियां से नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के पिफल्टी में स्थानांतरित किए जाने की चर्चाओं को लेकर नई टिहरी में लोगों का आक्रोश सामने आया। विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने टिहरी मेडिकल कॉलेज संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले जनआक्रोश रैली निकाली और कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया। विरोध के समर्थन में व्यापारियों ने संपूर्ण बाजार बंद रखा।
मेडिकल कॉलेज को अन्यत्र ले जाने की सूचना के बाद क्षेत्रीय लोग सुमन पार्क में एकत्रित हुए। यहां विभिन्न संगठनों और राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों ने प्रस्तावित स्थानांतरण का विरोध किया। इसके बाद सभी लोग जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे, जहां आमसभा आयोजित की गई।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि टिहरी बांध के निर्माण के कारण पुरानी टिहरी से लोगों को विस्थापित कर नई टिहरी बसाई गई, लेकिन आज भी क्षेत्र के लोग कई मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। वक्ताओं के अनुसार, नई टिहरी के लिए मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति पहले ही दी जा चुकी थी, ऐसे में इसे दूसरी विधानसभा क्षेत्र में स्थानांतरित करने का प्रयास किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
संघर्ष समिति ने मांग की कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण जिला मुख्यालय नई टिहरी में पूर्व निर्धारित स्थान पर ही कराया जाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि टिहरी के लोग मेडिकल कॉलेज को जिले से बाहर नहीं जाने देंगे।
स्थान बदला तो आंदोलन होगा तेज
टिहरी मेडिकल कॉलेज संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल और बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जयवीर सिंह रावत ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज का स्थान बदला तो व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
डॉ. राकेश भूषण गोदियाल ने कहा कि वर्ष 2022-23 में नई टिहरी नगर पालिका परिषद क्षेत्र के इणियां में मेडिकल कॉलेज निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई थी। शासन के निर्देशों के तहत टीएचडीसी की ओर से प्रारंभिक निर्माण संबंधी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि दो मुख्यमंत्रियों की घोषणाओं और डीपीआर तैयार होने के बावजूद निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है और अब स्थान परिवर्तन की चर्चा सामने आ रही है।
वक्ताओं ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के लिए पूर्व चयनित स्थान पर निर्माण नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। संघर्ष समिति ने घोषणा की कि मांग पूरी नहीं होने पर 16 अगस्त से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
जनआक्रोश रैली में समिति अध्यक्ष डॉ. राकेश भूषण गोदियाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवान सिंह, महामंत्री मनोज चमोली, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश राणा, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा रावत, महिपाल नेगी, शिवराज सजवाण, कमल सिंह महर, गंगाभगत सिंह नेगी, बुडोगी ग्राम प्रधान भूपेंद्र चौहान, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मानसिंह रौतेला, राहुल जख्मोला, संदीप रावत, दीवान सिंह, जीत राम भट्ट, सभासद नवीन सेमवाल, कुलदीप पवार, पूर्व सभासद उमेद सिंह पवार समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। प्रदर्शन में किन्नर समाज के लोगों ने भी भाग लिया।






