UP POLICEUPPOLICEutrakhandउत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगराज्य खबरेंहरदोई

हरदोई में युवक और महिला के शव पेड़ों से लटके मिले, प्रेम संबंध की चर्चा के बीच जांच

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- अरवल थाना क्षेत्र के हैदराबाद मजरा उमरौली जैतपुर गांव के बाहर शुक्रवार को एक युवक और एक महिला के शव अलग-अलग स्थानों पर पेड़ों से फंदे पर लटके मिले। दोनों शव करीब 500 मीटर से एक किलोमीटर के दायरे में पाए जाने से गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों के बीच दोनों के बीच कथित प्रेम संबंध होने की चर्चा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक युवक की पहचान जनवेश पुत्र केशवराम, उम्र करीब 18 वर्ष, निवासी हैदराबाद के रूप में हुई है। वह राजस्थान में मजदूरी करता था और करीब 15 दिन पहले ही गांव आया था। वहीं महिला की पहचान सरोजनी पत्नी खुशीराम, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है। सरोजनी की शादी करीब 12 वर्ष पहले हुई थी।

ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों के बीच कथित प्रेम संबंध को लेकर गांव में चर्चा थी। बताया गया कि गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे सरोजनी के देवर ने जनवेश के घर पहुंचकर उसके कथित संबंधों को लेकर शिकायत की थी। इसके बाद जनवेश घर से निकल गया और वापस नहीं लौटा।

शुक्रवार सुबह खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने कुसुमखोर गंगापुल के पास एक जामुन के पेड़ से जनवेश का शव लटका देखा। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। कुछ दूरी पर सरोजनी का शव भी एक गूलर के पेड़ से लटका मिला। दोनों परिवारों को सूचना देने के बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।

सीओ प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि जनवेश ने कुसुमखोर पुल के निकट जामुन के पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या की, जबकि करीब 500 मीटर की दूरी पर सरोजनी का शव बगीचे में गूलर के पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिस के मुताबिक फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए हैं। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया है।

पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button