utrakhandउत्तरकाशी

हरबर्टपुर में आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ, विधायक मुन्ना सिंह चौहान बोले- क्षेत्रवासियों को मिलेगी बड़ी राहत

जन एक्सप्रेस/विकासनगर :- हरबर्टपुर क्षेत्र के लोगों को आधार कार्ड से जुड़े कार्यों के लिए अब दूर-दराज के केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। हरबर्टपुर स्थित किसान सेवा सहकारी समिति परिसर में नए आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सरदार जसविंदर सिंह बिट्टू, नगर पालिका हरबर्टपुर के सभासद, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि हरबर्टपुर के लोगों की लंबे समय से मांग थी कि क्षेत्र में एक आधार सेवा केंद्र स्थापित किया जाए। अब इस केंद्र के शुरू होने से आधार कार्ड बनवाने, संशोधन कराने और अन्य संबंधित सेवाओं के लिए लोगों को विकासनगर या अन्य स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि किसान सेवा सहकारी समिति परिसर में केंद्र स्थापित करने का उद्देश्य लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। यहां आने वाले लोगों को बैठने की व्यवस्था, पेयजल और पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाएं भी आसानी से मिल सकेंगी।

विधायक ने कहा कि इस पहल से क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा और सरकारी सेवाओं तक लोगों की पहुंच पहले से अधिक आसान और सुविधाजनक बनेगी। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी।

ग्रामीण महिलाओं ने जताई खुशी

स्थानीय ग्रामीण महिलाओं बबली, सविता देवी, मंजू और राखी ने आधार सेवा केंद्र खुलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि पहले आधार संबंधी कार्यों के लिए दूसरे शहर जाना पड़ता था, जहां घंटों लाइन में इंतजार करना पड़ता था। अब हरबर्टपुर में ही यह सुविधा मिलने से लोगों को काफी राहत मिलेगी।

ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित का महत्वपूर्ण कदम बताया और उम्मीद जताई कि इससे हरबर्टपुर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रशांत जैन, मुस्तकीम, ढालीपुर प्रधान खालिद, एडवोकेट जितेंद्र कुमार (उपाध्यक्ष), चौधरी दिलीप सिंह, सौरभ गुप्ता, सभासद विनोद कश्यप, नेहा, राहुल शर्मा, अखिल गोयल, चंचल, नरेंद्र तोमर, आशा चौहान, देवेंद्र चावला, ऋषभ गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button