
जन एक्सप्रेस/नई टिहरी :- नई टिहरी में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की उपस्थिति में क्रीड़ा हॉल में विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VBG RAM-G) तथा स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (सारा) के अंतर्गत जनपद स्तरीय पंच सम्मेलन एवं जल उत्सव/जल संरक्षण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखंडों से ग्राम प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने कहा कि वीबीजी राम-जी मिशन के माध्यम से ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण, सिंचाई, जल स्रोतों का पुनर्जीवन, भूजल पुनर्भरण, वाटरशेड विकास, वनीकरण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में ग्राम पंचायतों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और जनभागीदारी से जल संरक्षण को स्थायी स्वरूप दिया जा सकता है।
सीडीओ ने बताया कि योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को वर्ष में 125 दिनों के रोजगार का प्रावधान किया गया है। साथ ही ग्राम पंचायतों को अधिक सशक्त बनाते हुए स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों के दायरे का विस्तार किया गया है। उन्होंने योजना की पात्रता, कार्य स्वीकृति प्रक्रिया, श्रमिकों के अधिकार और पारदर्शी क्रियान्वयन से संबंधित जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम में स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (सारा) के हाइड्रो जियोलॉजिस्ट डॉ. पंकज शेकवाल ने प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण, पुनर्जीवन, वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण और जलागम विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्थानीय समुदाय और ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी से जल स्रोतों का संरक्षण अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
जिला विकास अधिकारी ने भी वीबीजी राम-जी मिशन के विभिन्न प्रावधानों, अनुमन्य कार्यों और ग्राम पंचायतों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही ग्राम प्रधानों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का उत्तर देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से आए ग्राम प्रधान, पंचायत प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।






