उत्तरकाशीउत्तराखंड

सऊदी अरब में 8 साल से फंसे इंद्रमणी नौटियाल की वापसी के लिए आगे आए विजयपाल सजवाण

जन एक्सप्रेस/ उत्तरकाशी: गंगोत्री विधानसभा के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण शनिवार को गाजणा क्षेत्र के गोरसाड़ा गांव पहुंचे और सऊदी अरब में पिछले करीब आठ वर्षों से फंसे इंद्रमणी नौटियाल के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार का हालचाल जाना और इंद्रमणी नौटियाल की सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए हरसंभव सहयोग और प्रभावी पहल का भरोसा दिया।

परिवार से मुलाकात के दौरान पूर्व विधायक ने कहा कि गोरसाड़ा निवासी दीपिका की अपने पिता की सुरक्षित घर वापसी को लेकर की गई मार्मिक अपील ने पूरे क्षेत्र को भावुक किया है। उन्होंने कहा कि परिवार की पीड़ा को करीब से समझने के बाद यह स्पष्ट है कि मामला केवल एक परिवार तक सीमित नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा विषय है।

करीब आठ वर्षों से सऊदी अरब में फंसे हैं इंद्रमणी

परिजनों के मुताबिक इंद्रमणी नौटियाल एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद पिछले करीब आठ वर्षों से सऊदी अरब में फंसे हुए हैं। लंबे समय से परिवार अपने प्रियजन की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए है।

पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने कहा कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने दीपिका और उनके परिवार के साथ जिस संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ सहयोग किया है, वह भी इस प्रयास से पूरी तरह जुड़े हैं। उन्होंने अपनी ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई।

समाज से सामूहिक सहयोग की अपील

विजयपाल सजवाण ने सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के नागरिकों से भी इस मानवीय अभियान में आगे आकर सहयोग करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि किसी एक परिवार का दुःख पूरे समाज की जिम्मेदारी है। सामूहिक प्रयासों से एक बेटी की उम्मीद और एक परिवार की खुशियां वापस लाई जा सकती हैं।

कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस अवसर पर जिला पंचायत प्रतिनिधि राय सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य बड़ाहाट प्रतिनिधि अनिल रावत, नाल्डकठूड़ से जिला पंचायत प्रतिनिधि राजेंद्र राणा (राजू), बढ़ेथ प्रधान आशुतोष बिष्ट, सीरी प्रधान तेजपाल सिंह राणा, पीएम जनकल्याण समिति के अध्यक्ष नितिन नौटियाल और युवा नेता दिनेश राणा सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

-सीपी बहुगुणा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button