
जन एक्सप्रेस /देहरादून :- उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी ने युवा बाल साहित्यकार और राष्ट्रीय उद्घोषक इंजी. ललित शौर्य की उन्नीसवीं पुस्तक ‘धरती के मेहमान’ का अपने यमुना कॉलोनी स्थित आवास पर आयोजित कार्यक्रम में विमोचन किया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी ने कहा कि बाल साहित्य बच्चों के बौद्धिक और नैतिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चों को केवल स्कूली पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि बाल कहानियाँ, कॉमिक्स और प्रेरक साहित्य भी पढ़ना चाहिए। पढ़ी गई अच्छी पुस्तकें जीवनभर स्मृति में बनी रहती हैं।
उन्होंने युवा साहित्यकार ललित शौर्य द्वारा चलाए जा रहे ‘मोबाइल नहीं, पुस्तक दें’ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने और उन्हें पुस्तकों से जोड़ने का सराहनीय प्रयास है।
लेखक इंजी. ललित शौर्य ने विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि उनकी नई पुस्तक ‘धरती के मेहमान’ परग्रही (एलियंस) विषय पर आधारित एक कल्पनाशील बाल साहित्य कृति है। उन्होंने कहा कि बच्चों में एलियंस और अंतरिक्ष को लेकर स्वाभाविक जिज्ञासा होती है। यह पुस्तक उसी कल्पना को रोचक कहानियों के माध्यम से प्रस्तुत करती है। उन्होंने कहा कि आज की कल्पनाएँ ही भविष्य के विज्ञान की आधारशिला बनती हैं और ऐसी कहानियाँ बच्चों की रचनात्मक सोच को विस्तार देती हैं।
कार्यक्रम में हिमालयन हेरिटेज सोसायटी के निदेशक रजनीश कौंसवाल, समाजसेवी विनोद खंडूरी तथा यमन डबराल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्टर :- पंकज पांडेय






