utrakhandउत्तरकाशीपुरोला

आपदा प्रभावित किसानों ने मुख्यमंत्री से मांगा मुआवजा, Farmer ID प्रक्रिया तेज करने की मांग

जन एक्सप्रेस /पुरोला :-  उत्तरकाशी जिले के मोरी, पुरोला और नौगांव क्षेत्र के किसानों ने सोमवार को प्रकाश कुमार के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी पुरोला के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर आपदा राहत, किसान पहचान संख्या (Farmer ID) और कृषि संबंधी विभिन्न मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में किसानों ने बताया कि हाल की भारी वर्षा और ओलावृष्टि से क्षेत्र में सेब, टमाटर, शिमला मिर्च सहित अन्य नगदी फसलों और धान की फसल को भारी नुकसान हुआ है। इससे किसानों की आजीविका पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।

किसानों ने मांग की कि राजस्व, कृषि एवं उद्यान विभाग की संयुक्त टीम गठित कर प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराया जाए तथा नुकसान का आकलन कर एसडीआरएफ के निर्धारित मानकों के अनुसार किसानों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।

ज्ञापन में Farmer ID (किसान पहचान संख्या) बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने की भी मांग की गई। किसानों का कहना है कि क्षेत्र के लगभग 80 प्रतिशत किसान अभी तक फार्म रजिस्ट्री से वंचित हैं, जिसके कारण वे विभिन्न सरकारी योजनाओं और राहत पैकेजों का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।

इसके अलावा किसानों ने किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) ऋण की किस्तें स्थगित करने, ब्याज माफी और आगामी फसल सीजन के लिए रियायती अथवा निःशुल्क बीज एवं खाद उपलब्ध कराने की भी मांग की है।

प्रकाश कुमार ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों के किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। यदि समय पर राहत नहीं मिली तो हजारों किसान गंभीर आर्थिक संकट में फंस सकते हैं। उन्होंने राज्य सरकार से किसानों के हित में तत्काल राहत पैकेज जारी करने की मांग की।

ज्ञापन पर प्रकाश कुमार, नेपाल सिंह, प्रदीप कलूड़ा, प्रेम लाल, विनोद, सुरति राम, दुर्गू लाल और चतरिया सहित कई किसानों के हस्ताक्षर हैं।

रिपोर्ट :- सचिन नौटियाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button