utrakhandदेहरादून

देहरादून के कुल्हाल पुलिस ने महिला के घर से 37 ग्राम स्मैक बरामद, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज

जन एक्सप्रेस /देहरादून :-  उत्तराखंड के देहरादून जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुल्हाल पुलिस ने एक कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर से 37 ग्राम संदिग्ध स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया है। बरामद सामग्री के आधार पर महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

कुल्हाल चौकी प्रभारी वैभव गुप्ता ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली विकासनगर राजीव रौथान के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रविवार रात कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, ग्राम कुंजा ग्रांट निवासी मुस्कान (21), पत्नी सोनू को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 37 ग्राम संदिग्ध स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि उसने यह मादक पदार्थ एक स्थानीय महिला से खरीदा था। पुलिस के अनुसार, महिला ने यह भी बताया कि वह कथित तौर पर अपने घर से छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर लोगों को बेचती थी। पुलिस इस दावे की जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि मामले में कथित सप्लायर महिला की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट :- महेश रावत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button