utrakhandउत्तरकाशीविकासनगर

विकासनगर में सीवर लाइन कार्य को लेकर यूकेडी का विरोध, बदहाल सड़कों और खुले चैंबर पर उठाए सवाल

जन एक्सप्रेस /विकासनगर :- उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के शहर कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अरविन्द तोमर ने विकासनगर में सीवर लाइन परियोजना के तहत चल रहे कार्यों और बदहाल सड़कों को लेकर नगर पालिका प्रशासन तथा कार्यदायी संस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधूरे कार्यों के कारण आम लोगों और किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

अरविन्द तोमर ने कहा कि शहर के विभिन्न वार्डों में सीवर लाइन बिछाने के बाद कई स्थानों पर सड़कों का समुचित पुनर्निर्माण नहीं किया गया है। उनका दावा है कि कृषि मंडी रोड पर पाइपलाइन बिछाने के बाद गड्ढों को केवल मिट्टी से भर दिया गया, जिससे बारिश के दौरान सड़क धंस गई और भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वार्ड संख्या-1 स्थित अरुण टेंट हाउस (दुर्गा मंदिर रोड) क्षेत्र में सीवर लाइन के चैंबर का ढक्कन लंबे समय से नहीं लगाया गया है। उनके अनुसार, इससे स्थानीय लोगों और बच्चों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है।

यूकेडी नेता का कहना है कि कई स्थानों पर सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़कें कच्ची छोड़ दी गई हैं, जिसके कारण बरसात के समय जलभराव और लोगों के घरों में पानी घुसने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।

अरविन्द तोमर ने प्रशासन से मांग की कि सीवर लाइन परियोजना के तहत अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए, खुले चैंबरों को तत्काल सुरक्षित किया जाए तथा क्षतिग्रस्त सड़कों का स्थायी पुनर्निर्माण कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो जनता आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होगी।

उल्लेखनीय है कि ये आरोप उत्तराखंड क्रांति दल के स्थानीय नेता द्वारा लगाए गए हैं। इन आरोपों पर संबंधित विभाग या कार्यदायी संस्था की प्रतिक्रिया समाचार प्राप्त होने तक सामने नहीं आई है।

रिपोर्ट :- महेश रावत 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button