विकासनगर में अवैध खनिज भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 8 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना

जन एक्सप्रेस/विकासनगर :- खनिज विभाग ने अवैध खनन और अवैध खनिज भंडारण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए विकासनगर क्षेत्र के बीमावाला में अनियमितताओं का खुलासा किया है। जिला अधिकारी के निर्देश पर विभाग ने विभिन्न मदों में कुल 8 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया है।
खनिज विभाग के अनुसार बीमावाला में अवैध भंडारण की जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कार्रवाई के तहत अवैध भंडारण पर 7.20 लाख रुपये, संबंधित प्रकरण में 55 हजार रुपये तथा तहसील सदर क्षेत्र से जुड़े मामले में 41 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
खनिज पर्यवेक्षक पंकज चंद ने बताया कि जिले में अवैध खनन और अवैध भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। विभाग की टीमें नियमित रूप से गश्त और निरीक्षण कर रही हैं तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध खनन या अवैध भंडारण की जानकारी मिले तो तत्काल विभाग को सूचित करें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन और नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।






