UP Breaking NewsUP POLICEउत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

सीडीओ ने लोहिया पार्क, हाईटेक नर्सरी एवं टीएचआर प्लांट का किया निरीक्षण

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने उद्यान विभाग से स्वीकृत लगभग 1.4987 करोड़ रुपये की लागत से कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा विकास खण्ड सुरसा के ग्राम लाल पालपुर में निर्मित कराए जा रहे लोहिया पार्क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि स्वीकृत 625 मीटर बाउंड्रीवाल के सापेक्ष मात्र 170 मीटर बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया गया है तथा शेष स्वीकृत कार्य प्रारम्भ नहीं किए गए हैं। इस पर सीडीओ ने कार्यदायी संस्था के अभियंताओं एवं जिला उद्यान अधिकारी को निर्धारित समयावधि में सभी कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत सीडीओ ने हाईटेक नर्सरी थमरावा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीड सोइंग मशीन तथा दोनों चौंबरों के चलित स्प्रिंकलर सिंचाई यंत्र खराब पाए गए। जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि गत वर्ष नर्सरी का संचालन स्वयं सहायता समूहों द्वारा किया जा रहा था, जबकि इस वर्ष ऐसा नहीं हो रहा है।सीडीओ ने आवश्यक उपकरणों का खराब पाया जाना अत्यंत गंभीर मानते हुए नर्सरी प्रभारी अजय कुमार वर्मा, माली अमित कुमार तथा गया प्रसाद का माह अगस्त, 2026 का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश दिए। साथ ही जिला उद्यान अधिकारी को 15 दिवस के भीतर हाईटेक नर्सरी का संचालन मानकों के अनुरूप सुनिश्चित कराने तथा अन्यथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए विभागीय कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
इसके बाद सीडीओ ने टीएचआर (टेक होम राशन) प्लांट टड़ियावां का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्लांट संचालित मिला, जिसका संचालन ओम शांति प्रेरणा महिला लघु उद्योग इकाई, गद्दीपुरवा, सिकंदरपुर, टड़ियावां द्वारा किया जा रहा है। निरीक्षण में प्लांट पर साफ-सफाई संतोषजनक नहीं पाई गई। मुख्य विकास अधिकारी ने मौके पर तैयार किए जा रहे पोषाहार की गुणवत्ता की जांच हेतु खाद्य सुरक्षा अधिकारी को सैंपलिंग कराने के निर्देश दिए, जिसके अनुपालन में सहायक खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनुराग सिंह द्वारा पोषाहार के नमूने एकत्र किए गए।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने जून, 2026 में प्राप्त सामग्री का स्टॉक रजिस्टर एवं अन्य अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, किन्तु नोडल बीएमएम द्वारा अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए जा सके। इस पर सीडीओ ने अभिलेखों का मिलान होने तक नोडल बीएमएम एवं सहायक विकास अधिकारी (आईएसबी) का वेतन बाधित करने तथा उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश उपायुक्त, स्वतः रोजगार को दिए।
निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के सहायक अभियंता इं. अजय पाल सिंह, अवर अभियंता आशीष कुमार, जिला उद्यान अधिकारी डॉ. सुभाष चन्द्र, खंड विकास अधिकारी हरियावां सत्यदेव यादव, सहायक उद्यान निरीक्षक अजय कुमार वर्मा,एडीओ (आईएसबी) नितिन कुमार एवं बीएमएम/नोडल टीएचआर प्लांट आशीष कुमार मिश्र सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button