उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

Hardoi : गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से ऊपर, तटवर्ती गांवों में बढ़ी सतर्कता

जिला संवाददाता-बी जी मिश्र

जन एक्सप्रेस / हरदोई: हरदोई में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने तटवर्ती गांवों में सतर्कता बढ़ा दी है। शनिवार को सिंचाई विभाग की रिपोर्ट के अनुसार राजघाट में गंगा का जलस्तर 125.46 मीटर दर्ज किया गया, जो निर्धारित चेतावनी बिंदु 125.31 मीटर से 15 सेंटीमीटर ऊपर है। हालांकि, जलस्तर अभी खतरे के निशान 125.81 मीटर से 35 सेंटीमीटर नीचे है।

हरिद्वार और नरौरा से गंगा नदी में लगातार पानी छोड़े जाने के कारण प्रशासन और सिंचाई विभाग की निगरानी बढ़ गई है। रिपोर्ट के मुताबिक हरिद्वार से गंगा में 1,18,190 क्यूसेक और नरौरा से 1,72,128 क्यूसेक पानी का प्रवाह दर्ज किया गया। वहीं गर्रा नदी की केंद्रीय जल आयोग साइट साण्डी पर जलस्तर 127.580 मीटर दर्ज हुआ।

तटवर्ती गांवों का निरीक्षण

संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सवायजपुर तहसील के नायब तहसीलदार राजेश पटेल ने शनिवार को गंगा और रामगंगा नदी के किनारे बसे क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने कुसुमखोर और तेरा पुरसौली घाटों का जायजा लिया और नदी के जलस्तर की स्थिति देखी।

इस दौरान नायब तहसीलदार ने स्थानीय ग्रामीणों से भी बातचीत कर नदी के बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी ली। प्रशासन की ओर से तटवर्ती क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी नजर रखी जा रही है।

प्रशासन ने ग्रामीणों से की सतर्क रहने की अपील

नायब तहसीलदार राजेश पटेल ने बताया कि नदियों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने ग्रामीणों से नदी और घाटों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाने तथा जलस्तर बढ़ने की स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की।

गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच प्रशासन और सिंचाई विभाग की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। तटवर्ती गांवों में अधिकारियों द्वारा निगरानी की जा रही है ताकि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button