उत्तरकाशीउत्तराखंड

उत्तरकाशी: ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार ने स्कूल को दी जरूरी सामग्री, बच्चों को बांटी निःशुल्क कॉपियां

जिला संवाददाता – सीपी बहुगुणा

जन एक्सप्रेस / उत्तरकाशी: उत्तरकाशी के भटवाड़ी ब्लॉक में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सराहनीय पहल की गई। भटवाड़ी ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार ने शुक्रवार को राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय मुष्टिकसौड़ का भ्रमण कर विद्यालय को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए। इस दौरान उन्होंने बच्चों से संवाद किया और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

ब्लॉक प्रमुख की ओर से विद्यालय को एक गोदरेज अलमारी, छह कुर्सियां, एक मेज, एक वाटर प्यूरीफायर और चार सीलिंग फैन भेंट किए गए। विद्यालय को मिली इन सुविधाओं से बच्चों और शिक्षकों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

बच्चों को वितरित की गईं निःशुल्क कॉपियां

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई निःशुल्क कॉपियां भी वितरित की गईं। नई कॉपियां मिलने के बाद बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिवार ने बताया कि आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता से बच्चों की पढ़ाई के लिए सुविधाएं बेहतर होंगी।

ममता पंवार ने बच्चों से बातचीत करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और जरूरी सुविधाएं मिलना बेहद आवश्यक है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में हरसंभव सहयोग जारी रखने की बात कही।

विद्यालय परिवार ने जताया आभार

विद्यालय परिवार ने इस पहल के लिए ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार का आभार व्यक्त किया। साथ ही शिक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में सहयोग के लिए कपिल देव पंवार के प्रति भी विशेष धन्यवाद जताया गया। विद्यालय परिवार ने कहा कि समाज और शिक्षा के लिए किए जा रहे ऐसे प्रयास ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों और अभिभावकों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी विद्यालय और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इसी तरह सहयोग मिलता रहेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं और आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिल सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button