भगवान कामतानाथ आरती स्थल के द्वितीय वर्ष पूर्ण होने पर भव्य आयोजन,जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने किया विधिवत पूजन-अर्चन

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट:भगवान कामतानाथ आरती स्थल के सफलतापूर्वक द्वितीय वर्ष पूर्ण होने के शुभ अवसर पर एक गरिमामयी धार्मिक आयोजन का भव्य रूप से आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर वीपिन हिराट के अनुरोध पर जनपद के जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने आरती स्थल पर पहुँचकर अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने आयोजन स्थल पर पहुँचकर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के स्वरूप भगवान कामतानाथ जी का विधिवत पूजन-अर्चन किया। इसके उपरांत उन्होंने आरती में सहभागिता करते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेश द्विवेदी सहित प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालुगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन स्थल पर भक्तिभाव और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने आरती स्थल के सफल दो वर्षों की सराहना करते हुए इसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना का केंद्र बताया।कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आयोजकों एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त की और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के निरंतर आयोजन की कामना की।






