
जन एक्सप्रेस /विकास नगर :- देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले शौर्य चक्र विजेता एवं भारतीय सेना के वीर सपूत स्वर्गीय ऑर्डिनरी कैप्टन टेक बहादुर गुरुंग के बरोटीवाला स्थित निवास पर रविवार को विधायक मुन्ना सिंह चौहान पहुंचे। उन्होंने स्वर्गीय टेक बहादुर गुरुंग के परिवारजनों से भेंट कर उनका सम्मान किया और वीर सैनिक के अदम्य साहस, शौर्य एवं राष्ट्रसेवा को नमन किया।
इस अवसर पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि शहीद एवं वीर सैनिक किसी एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की धरोहर होते हैं। स्वर्गीय टेक बहादुर गुरुंग ने भारतीय सेना में लगभग 29 वर्षों तक सेवाएं देकर देश की रक्षा में अपना अमूल्य योगदान दिया। उनके त्याग, वीरता और राष्ट्रभक्ति से आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी।
उन्होंने घोषणा की कि स्वर्गीय ऑर्डिनरी कैप्टन टेक बहादुर गुरुंग की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के लिए उनके नाम पर स्मारक/स्मृति स्थल विकसित किया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी उनके शौर्य और राष्ट्रसेवा से प्रेरणा ले सके।29 वर्षों तक भारतीय सेना में दी गौरवपूर्ण सेवास्वर्गीय ऑर्डिनरी कैप्टन टेक बहादुर गुरुंग वर्ष 1940 में मात्र 18 वर्ष की आयु में गोरखा रेजिमेंट में भर्ती हुए थे। लगभग 29 वर्षों के अपने गौरवपूर्ण सैन्य सेवाकाल के दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर, सिक्किम सहित देश के अनेक संवेदनशील एवं दुर्गम क्षेत्रों में तैनात रहकर राष्ट्र की रक्षा का दायित्व निभाया।
उनकी वीरता, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें इटली मेडल, वार मेडल, सैन्य सेवा मेडल, अशोक चक्र क्लास-3 एवं रक्षा मेडल सहित अनेक प्रतिष्ठित सैन्य सम्मानों से सम्मानित किया गया। वर्ष 1956 में पाकिस्तान-पंजाब सिविल डिस्टर्बेंस के दौरान उनके उत्कृष्ट एवं साहसिक योगदान के लिए उन्हें शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया।
उनका जीवन इस बात का प्रेरणादायक उदाहरण है कि राष्ट्र की सेवा और मातृभूमि की रक्षा से बढ़कर कोई कर्तव्य नहीं है।
इस अवसर पर विधायक श्री मुन्ना सिंह चौहान द्वारा स्वर्गीय टेक बहादुर गुरुंग के पुत्र लव कुमार गुरुंग, कुश कुमार गुरुंग एवं जीवन गुरुंग तथा पुत्रियों वैजयंती गुरुंग एवं मधु गुरुंग का सम्मान एवं स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व कर्नल दीपक गुरुंग, सुरेश गुरुंग, तेज बहादुर गुरुंग, विनोद थापा, रोहित गुरुंग, जगदीशपुर, राकेश थापा, मोकम सिंह राठौड़, विकास थापा, विनोद गुरुंग, सुधीर गुरुंग, कृष्ण बहादुर गुरुंग, विवेक थापा, शिव दर्शन थापा, खेमा बहादुर थापा, पंकज शर्मा, रीमा गुरुंग, रेखा थापा, विनीता गुरुंग, किरण गुरुंग, लाखन सिंह राठौड़, योगेश राठौर, हरीश राठौर, चरण सिंह एवं ईशम सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य एवं समाज के सम्मानित लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट गुरुमेल सिंह राठौड़, जिला महामंत्री, भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा, देहरादून ग्रामीण द्वारा किया गया।






