उत्तराखंडरुद्रप्रयाग

रुद्रप्रयाग जन संवाद में पहुंचीं 39 शिकायतें, 15 का मौके पर निस्तारण; DM ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

जिला संवाददाता – नरेंद्र रावत

जन एक्सप्रेस / रुद्रप्रयाग: जिला कार्यालय सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लोगों ने विभागों से जुड़ी समस्याएं और मांगें अधिकारियों के सामने रखीं। जन संवाद में कुल 39 शिकायतें सामने आईं, जिनमें से 15 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

मोबाइल नेटवर्क और विकास कार्यों से जुड़ी शिकायतें

जन संवाद में जखोली के ज्येष्ठ प्रमुख नवीन सेमवाल ने उच्छोला, मथ्यागांव, भुनालगांव, बक्सीर, डांगी और खोड़ सहित कई गांवों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि नेटवर्क की समस्या के कारण विकास कार्यों से संबंधित ऑनलाइन प्रक्रियाओं में लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने ऐसी परिस्थितियों में ऑफलाइन स्वीकृति की व्यवस्था किए जाने की मांग की।

वहीं उच्छोला के ग्राम प्रधान चंडी कुमार ने छेनागाड़-उच्छोला मोटर मार्ग पर सुरक्षा दीवार निर्माण कराने, मार्ग को यातायात के लिए सुचारू करने और क्षतिग्रस्त पैदल पुल एवं पैदल मार्ग के पुनर्निर्माण की मांग रखी। उन्होंने सिंचाई गूल निर्माण का मुद्दा भी अधिकारियों के सामने रखा।

भूस्खलन और पेयजल की समस्या भी उठी

जवाड़ी निवासी देवी प्रसाद नौटियाल ने भूस्खलन के कारण आवासीय भवन को पैदा हुए खतरे की जानकारी दी। उन्होंने क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान की भी मांग की।

उच्छोला निवासी ईश्वर सिंह ने वर्ष 2013 की आपदा में क्षतिग्रस्त गाड़ नामी तोक जंदरवाड़ी के पुल के पुनर्निर्माण की मांग रखी। वहीं क्यूड़ी महिला मंगल दल की अध्यक्ष आशा देवी ने जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान का मामला उठाते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

इसके अलावा जन संवाद में आधार कार्ड नहीं बनने, खराब मोटर मार्ग, यातायात बाधित होने और भारी बारिश के कारण आवासीय भवनों को खतरा पैदा होने जैसी समस्याएं भी सामने आईं।

DM ने अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

शिकायतों की सुनवाई के बाद जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में प्रत्येक सोमवार को जन संवाद आयोजित किया जा रहा है।

डीएम ने कहा कि जन संवाद में आने वाली कुछ शिकायतें नीतिगत होती हैं, जबकि कुछ मांग आधारित होती हैं। सभी मामलों को संबंधित विभागों को भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

CM पोर्टल की लंबित शिकायतों की भी समीक्षा

जन संवाद कार्यक्रम के दौरान सीएम पोर्टल पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। समीक्षा में एल-1 स्तर पर 128 शिकायतें और एल-2 स्तर पर 25 शिकायतें लंबित पाई गईं।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को लंबित शिकायतों का जल्द निस्तारण करने और शिकायतकर्ताओं को समय से राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल, उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, ऊखीमठ के उप जिलाधिकारी अनिल रावत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और शिकायतकर्ता मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button