utrakhandउत्तरकाशी

बेलनी में बनेगा 85.68 मीटर लंबा नया मोटर पुल, प्रभावितों के पुनर्मूल्यांकन के निर्देश

जन एक्सप्रेस /रुद्रप्रयाग :- बेलनी में करीब 60 वर्ष पुराने स्टील पुल के स्थान पर 85.68 मीटर लंबे नए मोटर सेतु का निर्माण प्रस्तावित है। पुल निर्माण से प्रभावित होने वाले भवन स्वामियों और स्थानीय व्यापारियों की समस्याओं को लेकर मंगलवार को जिला कार्यालय सभागार में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभावित लोगों ने मुआवजा, पुनर्स्थापना और कारोबार प्रभावित होने की आशंका से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।

राष्ट्रीय राजमार्ग-107 (पुराना एनएच-109) के किमी एक बेलनी में प्रस्तावित नए पुल का निर्माण मौजूदा पुल के अपस्ट्रीम साइड में किया जाएगा। एप्रोच सहित पुल की कुल लंबाई 85.68 मीटर होगी। वार्षिक योजना 2025-26 के तहत प्रस्तावित इस परियोजना को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से मंजूरी मिल चुकी है। परियोजना की स्वीकृत लागत करीब 33.05 करोड़ रुपये है।

प्रभावितों को उचित मुआवजा देने के निर्देश

कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुल निर्माण से प्रभावित होने वाले लोगों को नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही प्रभावित परिसंपत्तियों के आकलन का दोबारा परीक्षण और पुनर्मूल्यांकन करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने कहा कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन विकास के कारण किसी व्यक्ति की आजीविका प्रभावित नहीं होनी चाहिए। प्रभावित परिवारों और व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए।

व्यापारियों के लिए बनेगा अस्थायी बाजार

बैठक में स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि पुल निर्माण के दौरान दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों के प्रभावित होने से उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो सकता है।

इस पर कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को व्यापारियों के लिए अस्थायी व्यापारिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्थायी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स अथवा दुकानों के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित कर चयन प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा।

मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि पुल निर्माण शुरू होने से पहले प्रभावित परिवारों और व्यापारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए। मुआवजा, पुनर्स्थापना, वैकल्पिक व्यापार स्थल और यातायात व्यवस्था से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी की जाएं।

चारधाम यात्रा और कनेक्टिविटी के लिहाज से महत्वपूर्ण

कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि बेलनी पुल परियोजना चारधाम यात्रा और क्षेत्र की दीर्घकालिक यातायात एवं कनेक्टिविटी जरूरतों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। नए पुल के निर्माण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही स्थानीय लोगों और यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।

बैठक में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग ओंकार पांडे, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, प्रभावित क्षेत्र के लोग और स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button