utrakhandउत्तरकाशीराज्य खबरेंविकासनगर

मूनाकोट विकासखंड में तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ, पहले दिन 318 मरीजों ने उठाया लाभ

जन एक्सप्रेस /पिथौरागढ़ :- विकासखंड मूनाकोट के सभागार में आयोजित तीन दिवसीय बहुउद्देशीय स्वास्थ्य शिविर के द्वितीय चरण का शुभारंभ डॉ. महेश चंद्र रजवार ने किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. चुफाल के निर्देशन में आयोजित शिविर के प्रथम दिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया तथा निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर के पहले दिन कुल 318 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न रोगों की जांच कर मरीजों को आवश्यक उपचार, दवाएं एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया। ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित इस शिविर के माध्यम से लोगों को स्थानीय स्तर पर ही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने से काफी राहत मिली।

शिविर के दौरान 36 मरीजों के चेस्ट एक्स-रे तथा 12 मरीजों के लैब टेस्ट किए गए। इसके साथ ही 35 लोगों की गैर-संचारी रोग (NCD) स्क्रीनिंग की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 17 लोगों की आभा आईडी तथा 8 आयुष्मान कार्ड बनाए गए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जे. एस. चुफाल ने बताया कि स्वास्थ्य पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के नजदीक पहुंचाना तथा गंभीर एवं जटिल बीमारियों की समय रहते पहचान कर उनका उपचार सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार की जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि आगामी दिनों में आयोजित होने वाले स्वास्थ्य शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर उपलब्ध निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button