utrakhandउत्तरकाशीरुद्रपुर

तूना-बौंठा मोटर मार्ग का होगा कायाकल्प, 1.85 करोड़ से 10 किमी सड़क का होगा सुदृढ़ीकरण

जन एक्सप्रेस /रुद्रप्रयाग :- धनपुर क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांवों को जोड़ने वाले तूना-बौंठा मोटर मार्ग के दिन अब बहुरने वाले हैं। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने बुधवार को मार्ग के सुदृढ़ीकरण एवं डामरीकरण कार्य का शुभारंभ किया। करीब 10 किलोमीटर लंबे मार्ग के सुधारीकरण पर 1.85 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से सड़क के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग कर रहे थे। तकनीकी अड़चनों के कारण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। तकनीकी समस्याओं का समाधान होने और शासन से धनराशि स्वीकृत होने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू किया गया है।

कार्य शुभारंभ के दौरान कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि सड़क क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसके सुदृढ़ीकरण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि मार्ग का करीब 1.5 किलोमीटर हिस्सा नगर पालिका क्षेत्र में आता है, जहां यातायात का दबाव अधिक रहता है। इस हिस्से को इंटरलॉकिंग टाइल्स से सुदृढ़ किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि तूना-बौंठा मोटर मार्ग का निर्माण पूर्व में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हुआ था। पांच वर्ष की अवधि पूरी होने के बाद इसे लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित किया गया था।

अन्य सड़कों को भी मिलेगी सौगात

मंत्री ने बताया कि क्षेत्र की अन्य सड़कों के सुधारीकरण का कार्य भी जारी है। पुनाड़ सड़क को पीएमजीएसवाई फेज-4 में स्वीकृति मिल चुकी है। वहीं जयमंडी सड़क के डामरीकरण के लिए 25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं और जल्द कार्य शुरू होगा।

रुद्रप्रयाग नगर क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 107 करोड़ रुपये की डीपीआर शासन को भेजी गई है। मंत्री ने उम्मीद जताई कि इस पर भी जल्द काम शुरू होगा।

उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, बद्री-केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विजय कपरवान, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र रावत, सैन सिंह बिष्ट, सभासद अंकुर खन्ना, नरेंद्र रावत समेत जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button