
रिपोर्ट पंकज पाण्डेय
जन एक्सप्रेस / पिथौरागढ़: विकासखंड मूनाकोट सभागार में आयोजित तीन दिवसीय बहुद्देशीय स्वास्थ्य शिविर के दूसरे दिन बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। शिविर में कुल 366 मरीजों की जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार और निशुल्क चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. चुफाल के निर्देशन में आयोजित स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीक ही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
बीपी, शुगर और कैंसर की हुई जांच
शिविर के दौरान 45 लोगों की बीपी और ब्लड शुगर की जांच की गई। इसके अलावा तीन महिलाओं की स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग की गई, जबकि पांच लोगों की मुख कैंसर की जांच हुई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 43 लोगों की टीबी जांच भी की। इस दौरान दो लोगों को निक्षय मित्र बनाया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के अनुसार आवश्यक सलाह और उपचार उपलब्ध कराया।
एक्स-रे और ब्लड टेस्ट की सुविधा भी मिली
शिविर में मरीजों को जांच और परामर्श के अलावा कई अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। कुल 43 लोगों के एक्स-रे, 20 लोगों के ब्लड टेस्ट और 31 लोगों की आभा आईडी बनाई गई।
इसके साथ ही नौ लाभार्थियों के आयुष्मान भारत कार्ड भी तैयार किए गए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को मिल रहा लाभ
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके नजदीक ही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। समय रहते बीमारी की पहचान होने से मरीजों को जल्द उपचार शुरू कराने में भी मदद मिलती है।
शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता से स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों को बल मिला। मूनाकोट विकासखंड की स्वास्थ्य टीम ने शिविर के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का समापन अंतिम दिन किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे शिविर में पहुंचकर निशुल्क जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, उपचार और विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठाएं।






