
जन एक्सप्रेस /रुद्रप्रयाग :- 14 अगस्त 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व बेला पर युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने और नशामुक्ति का संदेश देने के उद्देश्य से जनपद में विशेष मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। खेल एवं समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में आयोजित मैराथन में पुरुष एवं महिला वर्ग के कुल 45 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
मैराथन का शुभारंभ न्यू टनल से हुआ, जबकि दौड़ का समापन कमेड़ा में किया गया। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे धावकों ने निर्धारित दूरी पूरी कर फिटनेस, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व बेला में आयोजित इस दौड़ से पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल भी बना।

प्रतियोगिता के समापन पर पुरुष एवं महिला वर्ग में प्रथम छह स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों और उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, जिला समाज कल्याण अधिकारी टीआर मलेठा, जिला युवा कल्याण अधिकारी वरद जोशी, प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज सिंह चौहान सहित शिक्षा विभाग के व्यायाम शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।






