उत्तराखंडबेरीनाग

बेरीनाग में रक्तदान शिविर में उमड़ी भीड़, तीन दर्जन लोगों ने किया रक्तदान

जिला संवाददाता – पंकज पांडे

जन एक्सप्रेस / बेरीनाग: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बेरीनाग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में व्यापार संघ की ओर से रेडक्रॉस सोसायटी और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और करीब तीन दर्जन लोगों ने रक्तदान कर जरूरतमंदों की मदद का संदेश दिया।

शिविर का उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक गणेश और पूर्व सैनिक गणेश सिंह रावत ने किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों सहित स्थानीय लोगों ने रक्तदान किया।

व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की मदद की जा सकती है और अधिक से अधिक लोगों को इस सामाजिक पहल से जुड़ना चाहिए।

प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश टम्टा ने कहा कि रक्तदान महादान है। दुर्घटना, गंभीर बीमारी और अन्य चिकित्सकीय परिस्थितियों में मरीजों के जीवन को बचाने के लिए रक्त की आवश्यकता होती है। स्वस्थ लोगों को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।

शिविर में इंडियन गैस की महिला कर्मचारी कमला धानिक ने भी रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। आयोजन के दौरान समाजसेवी जीवन पंत, व्यापार संघ के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष कमलेश पंत, डॉ. शैलेंद्र, डॉ. देवेश टम्टा, राजेंद्र बिष्ट, नवीन खाती, जिला पंचायत सदस्य रितिक पांडे, धीरज रौतेला, हेमंत कुमार, महिपाल खाती, सुंधाशु मियांन सहित कई लोग मौजूद रहे।

स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित रक्तदान शिविर के जरिए लोगों ने सामाजिक सेवा और मानव जीवन बचाने के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button