उत्तराखंडनई टिहरी

टिहरी में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

जिला संवाददाता – जोत सिंह बगियाल

जन एक्सप्रेस / नई टिहरी: जनपद टिहरी में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ धूमधाम से मनाया गया। जिला कार्यालय में जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, पुलिस कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे तथा विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और अन्य संस्थानों में राष्ट्रध्वज फहराया गया। इस दौरान राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का गायन किया गया।

स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम प्रताप इंटर कॉलेज टिहरी में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए ध्वजारोहण किया।

अतिथियों का स्वागत करते हुए जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने जनपदवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि टिहरी का इतिहास देश के इतिहास में विशेष महत्व रखता है। वर्ष 1949 में टिहरी रियासत का भारत में विलय हुआ और यहां की जनता ने देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि टिहरी के लोगों ने स्वतंत्रता आंदोलन, उत्तराखंड आंदोलन और विस्थापन के दौर में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

जिलाधिकारी ने कहा कि टिहरी आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। टिहरी झील क्षेत्र के विकास के लिए एडीबी पोषित योजनाओं पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद के विकास के लिए लगातार प्रयास जारी हैं और भविष्य में भी विकास कार्यों को गति दी जाएगी। उन्होंने लोगों से अपने पूर्वजों के योगदान और उनकी भावनाओं को आत्मसात करते हुए देश व समाज के विकास में योगदान देने की अपील की।

मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों और शहीदों को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने उत्तराखंड को वीरों की भूमि बताते हुए कहा कि सेना में हर पांचवां सैनिक उत्तराखंड से है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है।

गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश में शहीद सैनिकों और उनके परिजनों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। शहीदों के परिजनों को मिलने वाली अनुदान राशि में वृद्धि के साथ सरकारी नौकरी और सैन्य पुरस्कारों के तहत दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि में भी बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि आपदा को रोका नहीं जा सकता, लेकिन उसके प्रभाव को कम किया जा सकता है। प्रदेश सरकार त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के माध्यम से आपदा प्रभावितों को मदद पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने 1971 के युद्ध में पाकिस्तानी सैनिकों के आत्मसमर्पण और बालाकोट स्ट्राइक का उल्लेख करते हुए कहा कि यह नया भारत है, जो हर चुनौती का मजबूती से जवाब देना जानता है। उन्होंने बच्चों और युवाओं से इतिहास को जानने और विभाजन विभीषिका से संबंधित प्रदर्शनी को देखने की अपील की।

स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय ने भी सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश और प्रदेश को नए रूप में आगे ले जा रही है। उन्होंने टिहरी और टिहरीयत के इतिहास का उल्लेख करते हुए श्रीदेव सुमन, मोलू भरदारी सहित अन्य आंदोलनकारियों को याद किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने कहा कि उत्तराखंड लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है और टिहरी भी विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने टिहरी की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी का कर्तव्य है कि टिहरी को स्वच्छ, सुंदर और विकसित पर्यटन नगरी के रूप में आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि मजबूत जिला ही मजबूत प्रदेश की नींव रखता है और मजबूत प्रदेश से देश सशक्त बनेगा।

कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों और उत्तराखंड आंदोलनकारियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया गया।

इस दौरान श्रम विभाग की ओर से लाभार्थियों को किट वितरित की गईं। मुख्य अतिथि ने कृषि विभाग की फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत नरसिंह देवता उत्पादक समूह, ग्राम ग्वाड़ सारत्यूला को चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया। स्वास्थ्य विभाग की सचल हेल्थ चेकअप चिकित्सा वैन का शुभारंभ और निरीक्षण भी किया गया।

प्रभारी मंत्री और अन्य अतिथियों ने पीआईसी परिसर में बुरांश का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, नगर पालिका परिषद टिहरी अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, एसएसपी श्वेता चौबे, सीडीओ वरुणा अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग की सदस्य सुनीता देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button