
जिला संवाददाता – सचिन नौटियाल
जन एक्सप्रेस / पुरोला: राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुरुड़ा ,पुरोला में वर्षों से रिक्त एवं अपूर्ण विषयों के संचालन की मांग को लेकर छात्रसंघ ने आंदोलन करने की चेतावनी दी है। बुद्धवार को छात्र संघ अध्यक्ष गोविंद सिंह की अध्यक्षता में छात्रसंघ पदाधिकारियों एवं छात्र प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें महाविद्यालय में विभिन्न विषयों के संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में कहा गया कि महाविद्यालय में स्नातक स्तर पर भूगोल, संस्कृत, गृह विज्ञान एवं चित्रकला तथा स्नातकोत्तर स्तर पर इतिहास, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान एवं समाजशास्त्र जैसे महत्वपूर्ण विषय आज भी संचालित नहीं हो रहे हैं। इससे पुरोला, मोरी और नौगांव विकासखंड के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए अन्य शहरों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर एवं दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
छात्रसंघ अध्यक्ष गोविन्द सिंह ने कहा कि लंबे समय से इस मांग को उठाया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि 30 अगस्त तक शासन स्तर पर विषयों के संचालन को लेकर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो 1 सितम्बर से छात्र-छात्राएं उग्र आंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी।
बैठक में ऋतिक चुनार, शिवांश रावत, प्रमोद राणा, ऋतिक बसियाल, दिलीप, कबीर, अंशुल राणा और राजकुमार चौहान सहित अन्य छात्र प्रतिनिधि मौजूद रहे।






