उत्तराखंडरुद्रप्रयाग

800 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, 200 को मिलेगी मुख्यमंत्री खेल छात्रवृत्ति

जिला संवाददाता – नरेंद्र रावत

जन एक्सप्रेस / रुद्रप्रयाग: मुख्यमंत्री खेल प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के तहत जनपद रुद्रप्रयाग में आयोजित जिला स्तरीय चयन ट्रायल्स गुरुवार को संपन्न हो गए। 16 अगस्त से शुरू हुए इन ट्रायल्स में जिलेभर से करीब 800 बालक-बालिकाओं ने 12 खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब 200 प्रतिभावान खिलाड़ियों का छात्रवृत्ति के लिए चयन किया जाएगा।

जिला क्रीड़ा विभाग की ओर से आयोजित ट्रायल्स में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, जूडो, कराटे, बैडमिंटन, ताईक्वांडो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, टेबल टेनिस और कबड्डी को शामिल किया गया। खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता के साथ-साथ संबंधित खेलों में उनकी तकनीकी दक्षता भी परखी गई।

प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज सिंह चौहान ने बताया कि चयन प्रक्रिया बैटरी टेस्ट के आधार पर संपन्न हुई। इसमें 30 मीटर फ्लाइंग रन, शटल रन, 800 मीटर दौड़, वर्टिकल जंप और मेडिसिन बॉल थ्रो जैसे परीक्षण कराए गए। इसके अलावा प्रत्येक खेल के खिलाड़ियों का कौशल परीक्षण भी किया गया।

चयन मानकों के अनुसार प्रत्येक आयुवर्ग और खेल में दो-दो बालक एवं बालिकाओं का चयन किया जाएगा। एथलेटिक्स में तीन-तीन बालक एवं बालिकाओं को स्थान मिलेगा। निर्धारित आयु वर्गों में 25-25 बालक-बालिकाओं का चयन करते हुए चारों वर्गों में कुल 100 बालक और 100 बालिकाओं, यानी 200 खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति का लाभ मिलेगा।

उभरती प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री खेल प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना से चयनित खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता के साथ अपनी खेल प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा। जिले के खेल मैदानों पर उमड़ी युवा प्रतिभाओं ने ट्रायल्स के दौरान उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक जज्बे का प्रदर्शन किया। माना जा रहा है कि यह योजना ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से निकलने वाली खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए मजबूत मंच प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button