विद्युत केबल चोरी करते चार शातिर चोर गिरफ्तार, ढाई लाख की केबल बरामद

जन एक्सप्रेस /खटीम :- थाना खटीमा पुलिस ने विद्युत केबल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2.50 लाख रुपये कीमत की चोरी की विद्युत केबल बरामद की है। चोरी की वारदात में प्रयुक्त कार को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को 33/11 केवी उपसंस्थान हल्दी, खटीमा के अवर अभियंता विनोद चंद्र जोशी ने डायल-112 के माध्यम से सूचना दी कि ग्राम चंदेली में अज्ञात चोरों ने 11 केवी कृषि फीडर चंदेली की विद्युत लाइन से केबल काटकर चोरी कर ली है। सूचना में बताया गया कि चोर चोरी की गई केबल को काले रंग की कार में भरकर ग्राम चंदेली से बंडिया की ओर भाग रहे हैं और विद्युत विभाग की चोरी-रोधक एवं निगरानी टीम उनका पीछा कर रही है।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सत्रहमील मझौला उपनिरीक्षक किशोर पंत पुलिस टीम के साथ मौके के लिए रवाना हुए। पुलिस ने विद्युत विभाग की टीम के सहयोग से ग्राम बंडिया स्थित भीम कॉलोनी के पास संदिग्ध कार संख्या यूके-06-बीएफ -0797 को रोक लिया। कार में सवार चार लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

कार की तलाशी लेने पर उसमें विद्युत केबल के करीब 165 टुकड़े, प्रत्येक लगभग दो से तीन फीट लंबे, बरामद हुए। बरामद केबल की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने पूर्व में भी खटीमा क्षेत्र में विद्युत केबल चोरी करने और चोरी की केबल को कबाड़ियों के माध्यम से बेचने या भेजने की बात बताई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं और गिरोह में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अवर अभियंता विनोद चंद्र जोशी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अलीम पुत्र सगीर अहमद निवासी ग्राम सिरौलीकला थाना पुलभट्टा, जुनैद पुत्र लियाकत अली निवासी दोपहरिया रोड सिरौलीकला थाना पुलभट्टा, मो. अय्यूब पुत्र मो. ईशू निवासी सिरौलीकला थाना पुलभट्टा और पिन्टू कुमार सिंह पुत्र राजेश सिंह निवासी नगला, थाना पंतनगर ऊधमसिंहनगर शामिल हैं।






