गंगा नदी में छोड़ा गया 2.27 लाख क्यूसेक पानी,राजघाट में जलस्तर खतरे के निशान से 10 सेंटीमीटर ऊपर पहुंचा

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस /हरदोई :- हरदोई। गंगा नदी में हरिद्वार और नरौरा से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण जलस्तर बढ़ता जा रहा है। 22 अगस्त की सुबह 8 बजे की जानकारी के अनुसार हरिद्वार से गंगा नदी में 92,870 क्यूसेक तथा नरौरा से 1,34,584 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। दोनों स्थानों से कुल 2,27,454 क्यूसेक पानी गंगा नदी में पहुंच रहा है।

बताते चलें कि हरदोई के राजघाट पर गंगा का जलस्तर 125.910 मीटर दर्ज किया गया, जबकि यहां चेतावनी बिंदु 125.310 मीटर है। इस तरह गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से 60 सेंटीमीटर ऊपर है।जबकि खतरे के निशान 125.810 की अपेक्षा जलस्तर 10 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है।यहां अधिकतम जलस्तर 126.49 है।
रिपोर्ट में रामगंगा नदी के भी विभिन्न स्थानों के जलस्तर दर्ज किए गए हैं। हुल्लापुर, शाहजहांपुर में 135.750 मीटर दर्ज हुआ। इसी तरह गर्रा नदी सांडी में केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी साइट) पर 128.380 मीटर दर्ज किया गया। जबकि ड्यूनी डैम, पीलीभीत के ड्यूनी डैम से गर्रा नदी में 840 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।

सवायजपुर क्षेत्र में गंगा नदी के बढते जलस्तर को लेकर तहसीलदार विनोद कुमार ने राजस्व टीम के साथ क्षेत्र की बाढ़ राहत चौकियों का निरीक्षण किया तथा उन्होंने गंगा घाटों पर पहुंचकर जलस्तर का जायजा लिया।उन्होंने नदी के आसपास तटवर्ती गांवो के लोगो से कटान सम्बन्धी जानकारी ली।






