महिला की मौत मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार, दो मोबाइल और दो बाइक हुई बरामद

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस /हरदोई :- कोतवाली देहात पुलिस ने ग्राम मंगोलापुर में महिला की मौत के मामले में नामजद आरोपी छोटू उर्फ सत्यप्रकाश पुत्र रामदयाल, निवासी लालपालपुर, थाना कोतवाली शहर को दो अदद मोबाइल फोन व दो अदद मोटरसाइकिल सहित पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मामले में नामजद दूसरे आरोपी सत्यपाल पुत्र रामदयाल को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार बीती15 अगस्त को थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम मंगोलापुर में एक महिला का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर स्थानीय पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट टीम द्वारा साक्ष्य संकलन की कार्रवाई पूरी की गई। मृतका के शव का नियमानुसार पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया था।मृतका की पहचान कोमल पत्नी सत्यपाल, निवासी लालपालपुर, थाना कोतवाली शहर, जनपद हरदोई के रूप में होने के उपरांत मृतका के परिजनों ने तहरीर देकर बताया कि उसका अपने पति के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली देहात मे सत्यपाल व छोटू उर्फ सत्यप्रकाश पुत्र रामदयाल, निवासीगण लालपालपुर, थाना कोतवाली शहर के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया था।
विवेचना के दौरान कोतवाली देहात पुलिस ने नामजद अभियुक्त छोटू उर्फ सत्यप्रकाश पुत्र रामदयाल को दो अदद मोबाइल फोन व दो अदद मोटरसाइकिल समेत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक समर बहादुर सिंह, निरीक्षक अजीम खां, उ0नि0 राहुल शर्मा, का0 शिवम यादव, का0 आदर्श गौतम, का0 विवेक धारीवाल, का0 गजेन्द्र सिंह और का0 आरिफ शामिल रहे।






