utrakhandउत्तरकाशी

त्योहारों को लेकर एक्शन मोड में पुलिस, एसएसपी अजय गणपति ने दिए कड़े निर्देश

जन एक्सप्रेस /रुद्रपुर :-  आगामी बारावफात (ईद-ए-मिलादुन्नबी) और रक्षाबंधन को लेकर ऊधमसिंहनगर पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के साथ ही लगातार गश्त और फ्लैग मार्च के निर्देश दिए गए हैं।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान अराजकता फैलाने, अफवाह फैलाने, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बारावफात के जुलूस को लेकर पुलिस को निर्धारित मार्गों का पहले से स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। परंपरागत मार्ग और कार्यक्रम में बिना अनुमति बदलाव नहीं किया जाएगा। प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जाएगी।

रक्षाबंधन के दौरान महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। महिलाओं के साथ अभद्रता करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी पैनी नजर रखेगी। भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट और अफवाहों को फैलाने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारियों को धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों और शांति समिति के सदस्यों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने तथा छोटी से छोटी घटना की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा बाजारों और प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए आवश्यक रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू करने को कहा गया है।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के प्रतीक हैं। आमजन सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाएं, इसके लिए ऊधमसिंहनगर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ अथवा माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button