
जन एक्सप्रेस /सितारगंज :-जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को नगर में जुलूसे मोहम्मदी निकाला गया। जामा मस्जिद से शुरू हुए जुलूस में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए। जुलूस में इमाम, उलेमा और हाजियों के काफिले की मौजूदगी रही। जुलूस निर्धारित मार्गों से होकर आगे बढ़ा और आयोजन के दौरान लोगों में उत्साह नजर आया।
ईद मिलादुन्नबी को लेकर मंगलवार रात से ही नगर के विभिन्न हिस्सों को रोशनी और सजावट से सजाया गया था। कई स्थानों पर आकर्षक रोशनी की व्यवस्था की गई, जिसे देखने के लिए भी लोगों की आवाजाही रही। आयोजन के दौरान विभिन्न स्थानों पर लंगर की व्यवस्था की गई। जेल कैंप रोड पर भी देर रात तक लोगों के लिए चाय का लंगर लगाया गया। लोगों ने आपसी मेलजोल और भाईचारे के साथ पर्व मनाया।
जुलूस के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। कोतवाल सुंदरम शर्मा और वरिष्ठ उप निरीक्षक जावेद मलिक के नेतृत्व में पुलिसकर्मी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहे। भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी पुलिस ने आवश्यक व्यवस्थाएं कीं। प्रमुख स्थानों और जुलूस मार्ग पर पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ भीड़ की निगरानी की गई। प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने और यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई।






