
जन एक्सप्रेस /देहरादून :- हिमालय सप्ताह समारोह के तहत मैती संस्था द्वारा संस्कृति विभाग सभागार देहरादून में बुग्याल दिवस-2026 आयोजित किया गया। उच्च हिमालयी बुग्याल जो केवल घास के मैदान नहीं बल्कि जल सुरक्षा, जैव-विविधता और पशुपालक संस्कृति के आधार हैं, के संरक्षण पर वैज्ञानिकों, पर्यावरणविदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण, पारंपरिक ज्ञान और जनभागीदारी के समन्वय पर जोर दिया।
समारोह में पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय कार्य के लिए शंभू प्रसाद नौटियाल को मैती सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। नौटियाल ने युवाओं को जल व पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने तथा तालों व बुग्यालों में जैव-विविधता अध्ययन में अहम भूमिका निभाई है। उन्हें प्रशस्ति-पत्र, स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि वन मंत्री सुबोध उनियाल ने बुग्यालों को उत्तराखंड की अमूल्य धरोहर बताया, पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने समुदाय आधारित संरक्षण की जरूरत बताई, जबकि मैती संस्थापक पद्मश्री डॉ. कल्याण सिंह रावत, यूकॉस्ट महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत और प्रमुख मुख्य वन संरक्षक सुशांत पटनायक ने हिमालय बचाने के लिए देशव्यापी जनजागरण का आह्वान किया।






