तय समय से पहले खुल रही शराब की दुकान! लाल कुआं में सुबह-सुबह बिक्री के आरोप, मंदिर के पास शराब कारोबार पर उठे सवाल
थाना कैसरबाग क्षेत्र के लाल कुआं स्थित देसी शराब की दुकान पर निर्धारित समय से पहले ही शराब की बिक्री किए जाने के आरोप सामने आए हैं।

जन एक्सप्रेस /लखनऊ :- थाना कैसरबाग क्षेत्र के लाल कुआं स्थित देसी शराब की दुकान पर निर्धारित समय से पहले ही शराब की बिक्री किए जाने के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के समय दुकान के आसपास शराब खरीदने वालों की आवाजाही शुरू हो जाती है, जबकि नियमानुसार शराब की दुकानों के संचालन का निर्धारित समय है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर किसकी शह पर नियमों को ताक पर रखकर कथित तौर पर समय से पहले शराब की बिक्री की जा रही है।

मंदिर के ठीक बगल में हैं शराब की दुकान
मंदिर के ठीक बगल में शराब की दुकान होने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के बीच शराब खरीदने वालों की मौजूदगी और दुकान के आसपास का माहौल परेशानी का कारण बन रहा है। लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार विभाग की निगरानी के बावजूद यदि तय समय से पहले बिक्री हो रही है तो यह गंभीर सवाल है कि कार्रवाई आखिर क्यों नहीं की जा रही।
आबकारी विभाग और पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
अब आबकारी विभाग और पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि लाल कुआं स्थित शराब की दुकान की जांच कराई जाए और सीसीटीवी फुटेज व बिक्री रजिस्टर की जांच से यह स्पष्ट किया जाए कि दुकान निर्धारित समय से पहले तो नहीं खोली जा रही। यदि जांच में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या शराब कारोबारियों को किसी प्रभावशाली व्यक्ति या जिम्मेदार की कथित संरक्षण प्राप्त है, या फिर निगरानी तंत्र की आंखों के सामने ही नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं?






