Crimeutrakhandउत्तरकाशी

396 ग्राम चरस के साथ आरोपी गिरफ्तार, बाइक बरामद

जन एक्सप्रेस /चम्पावत :-  नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चम्पावत पुलिस ने 396 ग्राम अवैध चरस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 10 अगस्त 2026 को क्षेत्राधिकारी चम्पावत देवेंद्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण में एसओजी और कोतवाली चम्पावत पुलिस की संयुक्त टीम ने टनकपुर-पिथौरागढ़ मुख्य मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान बनलेख से करीब 200 मीटर पहले पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल संख्या UK06BH-2561 को रोककर तलाशी ली। तलाशी में बाइक सवार के कब्जे से 396 ग्राम अवैध चरस बरामद होने का पुलिस ने दावा किया। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 45 वर्षीय राम सिंह कैड़ा पुत्र अमर सिंह कैड़ा, निवासी विहिगिधौर, थाना नानकमत्ता, जिला ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली चम्पावत में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही आमजन से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त या तस्करी की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button