
जन एक्सप्रेस /चिन्यालीसौड़ :- स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के अवसर पर रेनबो इंटरनेशनल एकेडमी चिन्यालीसौड़ में विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश नाथ की पहल पर विद्यालय में कमजोर अथवा अस्वस्थ पाए गए बच्चों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में डॉ. विजय राज बिष्ट जी एवं उनकी टीम द्वारा विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जाँच की गई तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयाँ वितरित की गईं।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने, पौष्टिक भोजन करने, पर्याप्त पानी पीने, नियमित व्यायाम करने तथा अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया।डॉ. विजय राज बिष्ट ने बच्चों को स्वस्थ रहने के लिए पौष्टिक भोजन, पर्याप्त पानी एवं नींद लेने, नियमित व्यायाम करने, जंक फूड से बचने तथा भोजन से पहले और शौचालय के बाद साबुन से हाथ धोने की सलाह दी। उन्होंने बच्चों को व्यक्तिगत एवं आसपास की स्वच्छता बनाए रखने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जाँच करवाने के लिए भी प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी अध्यापक-अध्यापिकाएँ एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे तथा उन्होंने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर से विद्यार्थियों को लाभ मिला और उनमें स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश पहुँचा। विद्यालय परिवार ने डॉ. विजय राज बिष्ट जी एवं उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों के स्वस्थ एवं सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी आयोजित करने का संकल्प लिया।






