
जन एक्सप्रेस /बाजपुर :- महुआखेड़ागंज क्षेत्र में युवती मेहविश की गोली लगने से हुई मौत के मामले में कोतवाली आईटीआई पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी साजिद के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बताया जा रहा 12 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 10 सितंबर को महुआखेड़ागंज क्षेत्र में युवती मेहविश की गोली लगने से मौत हुई थी। मामले में 11 सितंबर को फईम हुसैन की तहरीर पर कोतवाली आईटीआई में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई थी।
पुलिस ने बताया कि 12 सितंबर को आरोपियों की तलाश के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तीनों अलीगंज रोड से पीपल गांव जाने वाले रास्ते पर राधास्वामी सत्संग के पास मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर साजिद (50) पुत्र जुम्मा निवासी मड़ैया देवी महुआखेड़ागंज, सबीना (18) पुत्री साजिद और फिजा (20) पुत्री साजिद को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में साजिद ने बताया कि उसके पास मौजूद 12 बोर का तमंचा करीब छह माह पहले महुआखेड़ा निवासी जमील से लिया था। पुलिस का दावा है कि घटना के दौरान साजिद की छोटी बेटी और मेहविश के बीच छीनाझपटी हुई, इसी दौरान गोली चलने से मेहविश की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार घटना के बाद साजिद और उसकी पुत्री फिजा ने फर्श पर पड़े खून के धब्बे मिटाने का प्रयास किया। पुलिस का यह भी दावा है कि साजिद ने मृतका के शव को अपने घर से हटाकर उसके घर पहुंचाया, जिससे घटनास्थल बदला जा सके। इसके बाद तीनों आरोपी फरार होने की फिराक में थे, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों में साजिद पुत्र जुम्मा, सबीना पुत्री साजिद और फिजा पुत्री साजिद निवासी ग्राम मड़ैया देवी महुआखेड़ागंज थाना आईटीआई शामिल हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पांडेय, चौकी प्रभारी विक्रम सिंह धामी, अपर उपनिरीक्षक दीपक चौहान समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।






