
जन एक्सप्रेस /सितारगंज :- टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत प्रधानमंत्री श्री आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज सितारगंज में एनसीसी कैडेटों के लिए टीबी एवं एचआईवी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कैडेटों को गंभीर बीमारियों के लक्षण, बचाव, जांच और उपचार की जानकारी देकर समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन उच्चाधिकारियों, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव गोस्वामी एवं जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. संजय पांडेय के निर्देशन में किया गया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप यादव के निर्देश पर जिला पीएमडीटी टीबी-एचआईबी समन्वयक नवल किशोर पंडित ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
नवल किशोर पंडित ने कहा कि एनसीसी कैडेटों को टीबी और एचआईवी जैसी गंभीर बीमारियों के संबंध में सही जानकारी दी जा रही है, ताकि वे स्वयं जागरूक होने के साथ समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक कर सकें। उन्होंने बीमारी की समय पर पहचान, जांच और उपचार के महत्व पर जोर दिया।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप यादव ने कैडेटों को टीबी एवं एचआईवी के लक्षण, बचाव, जांच और उपचार की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन बीमारियों को लेकर समाज में अभी भी कई भ्रांतियां हैं। एनसीसी कैडेट सही स्वास्थ्य जानकारी लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
इस दौरान कैडेटों को टीबी के प्रमुख लक्षण, समय पर जांच, उपचार का पूरा कोर्स करने और संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, जन उत्थान समिति के राष्ट्रीय प्रचार मंत्री अकरम, सरकारी अस्पताल के एसटीएस सुनील राय, आबोर्डी संस्था की मोनिका राणा, आईएसडी-टीआई सितारगंज के परियोजना प्रबंधक मो. अरफात अली, मोहित गुप्ता, नंदिनी रत्नाकर, शिक्षकगण एवं एनसीसी कैडेट मौजूद रहे।






